भीषण गर्मी इस बार का सारे रिकॉर्ड तोड़ने को बेताब है। इस बार अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। इस सीजन में अबतक 37 दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा चुका है।

गोरखपुर। भीषण गर्मी के बीच राहत वाली खबर है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुमान के मुताबिक, मानसून के 22 जून तक गोरखपुर में दस्तक देने की उम्मीद है। मानसून पश्चिम बंगाल तक पहुंच गया है। दो से तीन दिन में बिहार पहुंचने की संभावना है। हालांकि, इस इंतजार के बीच भीषण गर्मी कोई खास राहत नहीं देने वाली।मौसम विभाग ने 19 जून तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तीखी धूप के साथ लू परेशान करता रहेगा। 18 जून की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके परिणामस्वरूप 19 जून के बाद गर्मी से आंशिक राहत के आसार हैं।
इन दिनों भीषण गर्मी से आम जनजीवन पूरी तरह से प्रभवित है। पिछले 10 दिनों से अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.6 और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह से ही सूरज की चटख धूप झुलसाने लग रही है। दोपहर में तीखी धूप के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। घर में पंखा और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं। बिजली कटौती भी परेशान
कर रही है।

रात में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहने से गर्मी सता रही है। लोग मानसून के आने की आस लगाए बैठे हैं। पहले 18 से 20 जून के बीच मानसून आने की संभावना थी, लेकिन उसकी रफ्तार धीमी होने से अभी वह पश्चिम बंगाल तक पहुंचा है। दो से तीन दिन में मानसून के बिहार पहुंचने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों ने 22 से 25 जून के बीच मानसून के गोरखपुर पहुंचे की उम्मीद जताई है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान मौसमी परिदृश्य में आगामी 48 घंटों के दौरान बिना किसी विशेष परिवर्तन के ऐसे ही जारी रहने और इसके बाद तराई क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम पुरवा हवाओं के प्रभाव से बादल छाने और संभावित बारिश के कारण तापमान में कमी आने से लू की स्थिति में 19 जून के बाद आंशिक सुधार की संभावना है।

अबतक 36 दिन अधिकतम तापमान रहा 40 डिसे से ऊपर
भीषण गर्मी इस बार का सारे रिकॉर्ड तोड़ने को बेताब है। इस बार अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। इस सीजन में अबतक 37 दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा चुका है।
अप्रैल में 11 दिन व मई में 13 दिन 40 डिसे से अधिक तापमान दर्ज किया गया। जून में अबतक 14 दिन 40 से अधिक तापमान दर्ज किया जा चुका है। वहीं, वर्ष 2023 में 27 और वर्ष 2022 में 19 दिन 40 डिसे से ऊपर अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था।