
उन्नाव/सोनिक। एक दिन पहले निकली तेज धूप से जहां ठंड का प्रकोप कम हो गया था, वहीं, देर रात फिर घने कोहरे से तापमान में गिरावट आ गई। साथ ही ठंड के साथ गलन भी बढ़ गई। लोग आग का ही आसरा ढूंढते रहे।
शुक्रवार पूरे दिन तेज धूप खिली रही थी। कोहरे न होने से लोगों को ठंड से काफी राहत मिली थी। इससे लोग सर्दी समाप्त होने की संभावना जताने लगे थे। हालांकि देर रात मौसम ने पलटी खाई और मध्यम गति से हवाएं चलने लगी थीं। कुछ ही देर में कोहरा गिरना शुरू हो गया था। देर रात कोहरा काफी घना हो गया था। इसका असर शनिवार दोपहर 12 बजे तक रहा। इसके बाद कोहरा कम हुआ तो धूप निकली। हालांकि धूप में तेजी न होने से लोगों को ठंड बढ़ने का अहसास हुआ।
इसके चलते पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में चार और न्यूनतम पारे में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री था, जहां शनिवार को घटकर 18 पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम पारा 10 से घटकर आठ डिग्री सेल्सियस हो गया। कोहरे के चलते आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे व कानपुर लखनऊ हाईवे सहित रायबरेली राजमार्ग भी वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा। दिन में वाहन लाइट जलाकर रेंगते हुए निकले। वाहन चालकों को दो किलोमीटर की दूरी तय करने में आधे घंटे से अधिक का समय लगा।
—-
तापमान
अधिकतम-18 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम-8 डिग्री सेल्सियस