अचलगंज। श्रमिक का आम के बाग में फंदे से शव लटका मिला। पत्नी ने पुलिस को बताया है कि बेटी की शादी के लिए लिया गया कर्ज न चुका पाने से तंग आकर पति ने यह कदम उठाया है
थानाक्षेत्र के कोरारी खुर्द गांव निवासी राजेश (55) मजदूरी करता था। गुरुवार सुबह उसका शव शारदा नहर के पास अर्जुन सिंह के बाग में आम के पेड़ से फंदे से लटका मिला। पास में उसकी साइकिल पड़ी थी। खेत गए ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन शव देखकर बेहाल हो गए। मृतक की पत्नी अनीता ने बताया कि गुरुवार सुबह 10 बजे पति बिना बताए साइकिल से निकले थे। 24 दिसंबर को बड़ी बेटी काजल की शादी की थी। उसमें काफी कर्ज लिया था।
बताया कि आए दिन लोग तगादा करने घर आते थे। इससे अपमानित होना पड़ता था। आरोप है कि पति मानसिक रूप से काफी परेशान थे। भरण पोषण के लिए सिर्फ चार बिस्वा जमीन है। पांच बच्चों में काजल, पूजा, आंचल, रोहन और विशाल हैं। अभी काजल की शादी की थी। थानाध्यक्ष राजेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात बताई है। घटना की तफ्तीश की जा रही है।