
उन्नाव। निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे में मिट्टी भरान में लगे डंपरों से 105 सड़कें व पुलिया क्षतिग्रस्त हो गईं। पीडब्ल्यूडी व उन्नाव खंड शारदा नहर विभाग ने मरम्मत के लिए यूपीडा से 55 करोड़ का बजट मांगा है। कार्यदायी संस्था की ओर से अभी तक बजट न दिए जाने से लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
जिले की छह तहसीलों के 76 गांव से गंगा एक्सप्रेसवे निकल रहा है। इस समय निर्माण तेजी से चल रहा है। निर्माण में मिट्टी भरान का काम हो रहा है। मिट्टी नजदीकी गांवों से डंपरों के माध्यम से लाई जा रही है। ओवरलोड डंपरों से सड़कें दम तोड़ रही हैं। पूर्व में पीडब्ल्यूडी ने क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का सर्वे कराया था। सर्वे के बाद जो रिपोर्ट तैयार हुई थी, उसमें दोनों खंडों में मिलाकर करीब 105 सड़कों के पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई थी।
इन सड़कों की कुल लंबाई लगभग 50 किलोमीटर से अधिक है। इसके अलावा उन्नाव खंड शारदा नहर विभाग ने बिछिया की पुरवा नहर पर बनी पुलिया सहित पांच अन्य पुलियों की मरम्मत के लिए यूपीडा को पत्र भेजा है। दोनों विभागों ने करीब 55 करोड़ की मांग की है। अधिकारी बजट मिलने के बाद मरम्मत की बात कह रहे हैं।
——————
यह हैं प्रमुख क्षतिग्रस्त मार्ग व पुलिया
– ब्लाक गंजमुरादाबाद में रानीपुर ग्रांट से चकहनुमान संपर्क मार्ग।
– बांगरमऊ-संडीला मार्ग के किमी 28 से कैनाल पटरी से दशगवां वाया महोलिया हरईपुर संपर्क मार्ग।
– पंचमखेड़ा से महोलिया संपर्क मार्ग।
– अशायस व धानीखेड़ा संपर्क मार्ग।
– नौसहरा मार्ग के किमी तीन से तमोरिया खुर्द संपर्क मार्ग।
– ब्लाॅक सफीपुर का मियागंज मार्ग से सिद्धनाथ बस्ती संपर्क मार्ग वाया नानीकोठरिया।
– लहबरपुर संपर्क मार्ग।
– मवई लाल वाया उदशाह संपर्क मार्ग।
– पुरवा बीघापुर से अटवट संपर्क मार्ग।
– बीघापुर कटाव संपर्क मार्ग।
– गढ़ाकोला चमियानी मार्ग।
– सोनिक से पिपरोसा वाया शहजादपुर मार्ग।
– बिछिया के सागरदेव बाबा मंदिर से गंगाखेड़ा संपर्क मार्ग।
– कानपुर लखनऊ हाईवे से अलगनगढ़ वाया जमुनिया रेलवे क्रासिंग संपर्क मार्ग।
– बिछिया की पुरवा नहर पर बनी पुलिया।
– असोहा में किमी दो पर बनी पुलिया।
—-
कोट————-
यूपीडा को क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची भेजी जा चुकी है। अभी तक किसी भी सड़क की ना तो मरम्मत कराई गई है और न ही बजट दिया गया है। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।
– सुबोध कुमार व हरदयाल अहिरवार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड व प्रांतीयखंड।
—————-
एक्सप्रेसवे निर्माण में लगे डंपरों से विभागीय पुलिया भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। पुलिया की रेलिंग टूट गई है। इससे इस पर आवागमन खतरनाक हो गया है। इसकी जानकारी यूपीडा को पत्र भेजकर दी है और मरम्मत कराने की मांग की है।
– अंशु वर्मा, सहायक अभियंता तृतीय उन्नाव खंड शारदा नहर।