भाभी से दुष्कर्म के आरोप में करीब 15 दिन पहले जेल से छूटकर आए आरोपित देवर का सोमवार देर रात 40 वर्षीय भाभी से फिर से विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा की देवर ने कुल्हाड़ी से सिर पर वारकर दिया। भाभी को मरा समझकर उसे पास ही जमा पयार की खरही में डालकर आग लगा दी। घरवालों की सूचना पर पुलिस जब तक पहुंचती, शव आधे से अधिक जल गया। रात में ही पुलिस मुठभेड़ में आरोपित देवर पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
आसीवन के एक गांव की 40 वर्षीय महिला ने अक्टूबर 2024 में अपने 22 वर्षीय देवर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। करीब 15 दिन पहले वह जमानत पर छूटकर बाहर आया था और लखनऊ में रहकर मजदूरी करने लगा था।
मकान बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
भाभी देवर के बीच मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात देवर लखनऊ से अपने गांव पहुंचा। यहां फिर से घर के बंटवारे को लेकर उसका भाभी से विवाद हो गया। दोनों एक दूसरे से गाली गलौज करते हुए घर से 20 मीटर दूर पयार की खरही के पास पहुंच गये।
गुस्से में देवर ने कुल्हाड़ी से भाभी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह वहीं गिर गई। भाभी को मरा समझ घबराए देवर ने उसे पयार की खरही में फेंक दिया और आग लगा दी। आसपास के लोगों व घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आग बुझाकर किसी तरह जले शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दिवंगत महिला के पति की तहरीर पर देवर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। मध्य रात पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से देवर घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
दो किशोरियों ने दुष्कर्म का लगाया आरोप, रिपोर्ट दर्ज
वहीं उन्नाव के सदर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आठ दिसंबर को उसकी 13 वर्षीय बेटी घर के बाहर थी। कुछ लोग कार से पहुंचे और बेटी से पता पूछने लगे। इसी बीच एक युवक ने नशीला स्प्रे सुंघाकर बेहोश किया और उसे कार में घसीट लिया। कुछ दूरी पर दुष्कर्म करने के बाद एक स्कूल के पास उसे छोड़कर भाग निकले।होश में आने पर किशोरी घर पहुंची पर दहशत में किसी को कुछ नहीं बताया कि कुछ दिन बाद उसने अपनी बड़ी बहन को आपबीती बताई। महिला के अनुसार जब उसे इस बात की भनक लगी तो कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता की बहन के अनुसार पुलिस ने दी गई तहरीर न लेकर दूसरी तहरीर लिखवाई है। बताया कि उसने आइजीआरएस के जरिए शिकायत की थी। सदर कोतवाल प्रमोद मिश्र ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म का आरोप गलत है। एक युवक पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।