
पहिया निकलने के बाद एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी स्लीपर बस।
औरास। दिल्ली से 52 यात्रियों को लेकर बस्ती जा रही स्लीपर बस का ब्रेक जाम हो गया। इससे पीछे के दो पहिये निकल गए। बस लहराई तो यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। चालक ने किसी तरह बस को नियंत्रित किया। कोई यात्री घायल नहीं हुआ। इससे बड़ा हादसा बच गया।
बुलंदशहर निवासी बस चालक मिंटू ने बताया कि दिल्ली से सवारियां लेकर बस्ती जा रहा था। दिल्ली से कन्नौज तक बस सही आई। कन्नौज के पास गाड़ी में दिक्कत महसूस हुई। रोककर देखा लेकिन कुछ समझ नहीं आया। इस पर धीमी रफ्तार में आगे बढ़ गए। बस जैसे ही कोइलियाखेड़ा गांव के के पास पहुंची, पिछले पहिये का ब्रेक अचानक जाम हो गया और पहिया बाहर निकल आया। इससे बस करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। रफ्तार ज्यादा तेज न होने से बस पर काबू पा लिया।
कुछ देर बाद यूपीडा कर्मी मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से बस को किनारे किया। मैकेनिक बुलाकर ब्रेकशू की मरम्मत कराई और सुबह नौ बजे बस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान दो घंटे यात्रियों को परेशान होना पड़ा। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बस का ब्रेकशू जाम होने से पहिया निकल गया था। इसमें कोई घायल नहीं हुआ है।