
फोटो-37-हाईवे पर जाम लगाए खड़े लोग। स्रोत: पाठक
उन्नाव। दो दिन में सिर्फ तीन घंटे ही बिजली मिलने और अनसुनी से परेशान, कासिम नगर के लोगों ने शुक्रवार रात करीब आठ बजे कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब 45 मिनट तक दोनों लेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पर एसडीओ और जेई पहुंचे और एक घंटे में ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति शुरू करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद लोग हाईवे से हटी और यातायात शुरू हुआ।
दो दिन पहले बुधवार रात कासिम नगर में शीबू सभासद के घर के पास रखे ट्रांसफार्मर पर ट्रक पलट गया था। इससे दो पोल भी टूट गए थे। बृहस्पतिवार को पोल ठीक करने और ट्रांसफार्मर बदलने का काम होता रहा, इससे बिजली नहीं मिल सकी है। शुक्रवार दोपहर जैसे ही दूसरे ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति शुरू करने के तीन घंटे बाद ट्रांसफार्मर खराब हो गया। लोग बिजली निगम के अधिकारियों को फोन करते रहे लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। इससे आक्रोशित लोग रात करीब आठ बजे हाईवे पर पहुंच गए और अवरोध डालकर यातायात रोक दिया। कुछ वाहन चालकों ने विरोध किया तो लाठी-डंडे दिखाकर चुप करा दिया। कुछ ने निकलने का प्रयास किया तो भीड़ ने पत्थर भी फेंके। यातायात बंद होने से दोनों तरफ करीब एक किलोमीटर तक वाहन खड़े हो गए।
एक्सईएन हिमांशु गौतम ने बताया कि एसडीओ सूर्य कुमार और जेई रमेश केवट को भेजा गया था। मोहल्ले में दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाया जा रहा है। एक घंटे में आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया गया है। जाम खुल गया है।