
फोटो- 30-आरती के दौरान गंगा तट पर मौजूद श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद
बीघापुर। तहसील क्षेत्र के बक्सर स्थित मां चंडिका देवी दरबार में भव्य गंगा आरती का आयोजन शनिवार शाम किया गया। इस दौरान हर हर गंगे के जयघोष से घाट गूंज उठा। हरिद्वार के जूना अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी मैत्री ने भी आरती में भाग लिया। मां चंडिका देवी के दर्शन कर लोक कल्याण की कामना की।
साध्वी मैत्री ने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति की रीढ़ है। मां गंगा की अविरल धारा के बिना भारतीय संस्कृति की कल्पना नहीं। कहा कि केंद्र की मोदी सरकार व उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने स्वच्छ गंगा निर्मल गंगा को लेकर जो संकल्प किया था उसको पूरा किया है। हम सभी का प्रयास होना चाहिए की गंगा के तटों को स्वच्छ रखें और मां गंगा के जल को शुद्ध स्वच्छ पवित्र बनाए रखें। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन कानपुर के प्रधानाचार्य ब्रज मोहन सिंह ने कहा कि आदिकाल से ही मां गंगा भारत के आम जनमानस की प्राण है। आयोजक ऋतु फाउंडेशन के अध्यक्ष व भाजपा नेता अनुराग त्रिवेदी के अलावा आयोजन में रविशंकर शुक्ल, महानंद शुक्ला, धीरू बाजपेई, मुन्ना सिंह, अंकित पांडेय, रानू त्रिवेदी, पप्पू दीक्षित, अंकुर सिंह आदि रहे।