दोहरा हत्याकांड: दो भाइयों का कत्ल…खून से सने थे लोग, आठ दिन पहले से रची गई साजिश, एक आरोपी गिरफ्तार

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में दो भाइयों के कत्ल की साजिश आठ दिन पहले से रची गई थी। हमलावरों ने फावड़ों से प्रहार कर दोनों भाइयों को मार डाला। इस दौरान बीच में जो भी आया, उस पर हमला कर दिया गया। 

आगरा के खंदाैली के ग्राम गुढ़ा में दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी पक्ष ने पीड़ित परिवार को धमकाना शुरू कर दिया है। समझाैते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। बुधवार को दो लोग गांव पहुंचे। परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की गुहार लगाई है। उधर, पुलिस ने एक आरोपी थान सिंह को गिरफ्तार किया है। हत्या की साजिश 8 दिन से रची जा रही थी। आरोपियों ने घटना के बाद भागने तक की योजना बना रखी थी।

गांव गुढ़ा में मंगलवार की सुबह खेत से ट्रैक्टर निकालने के विवाद में रघुवीर और उसके भाई सत्यपाल सिंह की कुल्हाड़ी और फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने रघुवीर की पत्नी सरोज और बेटे देवानंद पर भी हमला बोला था। उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़ गए थे। मामले में अनिल ने बेताल सिंह, उसकी पत्नी किताबश्री, बेटे राहुल, सत्यप्रकाश, सतेंद्र भतीजे कृष्णा और मित्र थान सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

देर रात मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। उधर, गांव में पुलिस तैनात है। मृतक सत्यपाल के बेटे धर्मवीर ने बताया की हमला कब और कैसे किया जाना है, इसकी तैयारी आरोपियों ने पहले से ही कर ली थी। आरोपी परिवार ने अपने घर के बाहर बंधे पशुओं को भी हटा दिया था। इसके साथ फसल काे भी काट लिया था। घटना से पहले ही वो फावड़ा और कुल्हाड़ी लेकर आए थे।

उसके साथ ही देवानंद के बेटे दीपक को भी जान से मारना चाहते थे। अगर, वह दोनों वहां से जाते नहीं तो बच नहीं पाते। आरोपी बेताल और उसके परिवार ने पीछा भी किया था, लेकिन वो हाथ नहीं लग सके। इससे जान बच गई। बुधवार को गांव में दो लोग आए। धर्मवीर और परिवार के लोगों से मामले में राजीनामा करने की बात कहने लगे।

इसका परिवार के लोगों ने विरोध किया। मामला बिगड़ता देखकर दोनों लोग गांव से भाग गए। आरोेपियों के दुस्साहस से परिवार दहशत में है। बुधवार को पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी। इसके बाद नामजद आरोपी थान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

खेत पर जाने के लिए नहीं था कोई रास्ता
बेताल और रघुवीर सिंह के बीच जमीन की रंजिश थी। सत्यपाल के बेटे धर्मवीर सिंंह ने बताया कि रघुवीर सिंह के पिता हाेतीलाल ने 72 बीघा खेत में बेताल के पिता रामसिंह को दो बीघा खेत ज्यादा दिया था, जिससे आगे चल कर रास्ते को लेकर कोई विवाद ना हो। 25 साल से रघुवीर सिंह के परिवार के लोग इसी रास्ते से निकलते थे। बाद में बेताल ने परिवार के साथ मिल कर रास्ते को जोत दिया था, जिसका विरोध रघुवीर पक्ष के लोग करते चले आ रहे थे। मंगलवार को इसी रास्ते के विवाद में बेताल सिंह ने रघुवीर और सत्यपाल सिंह की हत्या कर दी थी।

पुलिस पिकेट लगी
गांव गुढ़ा में दो भाइयों की हत्या के बाद से तनाव है। आरोपी का परिवार फरार हो गया है। पुलिस पिकेट को तैनात किया गया है। सत्यपाल और रघुवीर सिंह की हत्या के दूसरे दिन गांव में चूल्हे नहीं सुलगे। डीसीपी पश्चिमी जोन सोनम कुमार ने बताया कि दोहरे हत्याकांड में 1 आरोपी थान सिंह को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में पुलिस पिकेट लगी है। अगर, परिवार को धमकाया गया है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Tags

Share this post:

Share on facebook
Share on twitter
Share on pinterest

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top
Welcome to M&M Bioscope News, your go-to source for the latest and most comprehensive updates in the world of bioscopes!