
सोनिक। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर अवैध कट से निकलते समय बाइक सवार व्यापारी डस्ट लदे डंपर में फंसकर 20 मीटर घिसटता चला गया। पुलिस ने पीछा किया तो चालक डंपर छोड़कर भाग गया। घायल व्यापारी को जिला अस्पताल से परिजन लखनऊ लेकर चले गए हैं। हेलमेट न लगाए होने से सिर में गहरी चोट आई है।
दही थानाक्षेत्र के बसीरतगंज निवासी दिनेश राठौर (48) की हाईवे किनारे भवन निर्माण सामग्री की दुकान है। रविवार सुबह 10:30 दुकान खोलने के बाद व किसी काम से बाइक से घर जा रहे थे। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर मरम्मत का काम चलने से दोनों तरफ के वाहन एक ही लेन से निकाले जा रहे हैं। दिनेश दुकान के सामने बने अवैध कट से निकलने के बाद सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर खड़े थे। तभी कानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे डस्ट लदे डंपर ने टक्कर मार दी।
बाइक डंपर में फंसने से दिनेश भी करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। पुलिस कर्मी ने देखा तो डंपर का पीछा किया। इसके बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। घायल को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि अवैध कट से निकलने के दौरान दुर्घटना हुई है। डंपर कब्जे में है। कार्यदायी संस्था को अवैध कट बंद कराने के लिए कहा गया है।
हादसे के बाद बंद किया गया अवैध कट
पिछले महीने हाईवे पर डिवाइडर पर दोनों तरफ ग्रिल लगवाई गई थी। इसके बाद भी अवैध कट छोड़ दिया गया। आज वही कट घटना का कारण बन गया। दही चौकी-पुरवा मोड़ पर रूट डायवर्ट है। इसके बाद भी डस्ट लदा डंपर कैसे अंदर आ गया।