आगरा के होटल गंगारत्न में एक रेडियोलाॅजिस्ट ने जान देने के लिए ऐसा तरीका चुना, जिससे दर्द न हो। उसने एनेस्थीसिया की ओवरडोज ली। इसके बाद पत्नी को वीडियो कॉल किया। पत्नी ने जब तक लोकेशन पता कर होटल कर्मियों को कमरे में भेजा, तब तक देर हो चुकी थी।

भरतपुर में एसआर हाॅस्पिटल के डाॅ. राजकुमार चाैधरी ने ताजगंज स्थित होटल गंगारत्न में आत्महत्या कर ली। उन्होंने मंगलवार को कमरा लिया था। कमरे में एनेस्थीसिया की ओवरडोज ड्रिप के माध्यम से लेकर जान दी। इससे पहले उन्होंने पत्नी को वीडियो काॅल कर कहा कि मैं बस दो मिनट का मेहमान हूं। पत्नी ने मोबाइल की लोकेशन पताकर होटल में काॅल किया। जब तक होटलकर्मी कमरे में पहुंचे, माैत हो चुकी थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि मंगलवार रात 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी। ताज व्यू तिराहा स्थित होटल गंगारत्न के कमरा नंबर 309 में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। उन्हें निजी अस्पताल ले गए थे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। मृतक की पहचान भरतपुर (राजस्थान) के जसवंत नगर निवासी डाॅ. राजकुमार चाैधरी (58) हैं। वह रेडियोलाॅजिस्ट थे। वह पूर्व में राजस्थान के सरकारी अस्पताल में कार्यरत थे। 6 साल पहले नाैकरी छोड़ दी थी।
उन्होंने एसआर हाॅस्पिटल के नाम से अपना अस्पताल खोल लिया। मंगलवार सुबह वह भरतपुर कोर्ट में साक्ष्य देने के लिए आए थे। इसके बाद आगरा आकर होटल में शाम तकरीबन 4 बजे कमरा लिया था। शाम को 6:30 बजे पत्नी को वीडियो काॅल किया। इसमें कहा कि बस मैं दो मिनट का मेहमान हूं। इसके बाद काॅल कट दिया।
पत्नी ने पता की लोकेशन
जानकारी पर पत्नी ने उनके बारे में पता करना शुरू कर दिया। लोकेशन पता कर ली। ताजगंज क्षेत्र की जानकारी मिलने पर होटलों को काॅल किए। इसमें उन्होंने हुलिया और मोबाइल नंबर बताया। होटल गंगारत्न में काॅल आने पर कर्मचारी कमरे में पहुंचे। वह बेड पर पड़े मिले। उधर, परिजन भी आ गए। वह उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन बुधवार को शव को ले गए। मृतक के साले ने पुलिस को बताया कि जीजा के साथ उनकी बहन भी डाॅक्टर हैं। मंगलवार को दिन में दोनों में किसी बात पर विवाद हुआ था। इसी विवाद में आत्महत्या की आशंका है।
मेरे दोस्तों से मदद लेना…
थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि राजकुमार चाैधरी ने मरने से पहले एक पन्ने पर सुसाइड नोट भी लिखा था। यह उनकी जेब से बरामद किया गया। इसमें किसी को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया। पत्नी और बेटी जाह्नवी के बारे में लिखा। अपने दोस्तों के नाम भी लिखे थे। पत्नी और बच्ची से कहा था कि किसी तरह की समस्या हो तो उनके भरोसेमंद दोस्तों से मदद ले सकते हैं। मृतक डाॅक्टर की पत्नी भी स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। भाई भी डाॅक्टर हैं।