
उन्नाव। अमृत के दाता, धर्म के रक्षक और सरबंसदानी दशम गुरु गोबिंद सिंह के 358वें प्रकाश उत्सव पर शहर में रविवार को नगर कीर्तन हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी और पंचप्यारों की अगुवाई में निकाली गई। इसमें शामिल सैकड़ों लोग गुरु की महिमा का गुणगान करते रहे। लोगों ने झाड़ू लगाई और पुष्प वर्षा भी की।
शोभायात्रा का शुभारंभ डीएम गौरांग राठी ने झंडी दिखाकर किया। जुलूस में भारी संख्या में लोग शामिल रहे। पंचप्यारे की भूमिका में चरणजीत सिंह, सुखबीर सिंह, कमल दीप सिंह, सुरेंदर पाल सिंह व देवेंदर सिंह रहे। वहीं, पंचप्यारी में गुरुनानक स्कूल की छात्रा पूर्वी गुप्ता, अंशिका, आस्था, ईशा व वैश्नवी सिंह शामिल थीं। लोग झाड़ू लगाते, पानी का छिड़काव करके गुरुग्रंथ और पंच प्यारों के लिए रास्ता साफ करते रहे। वहीं, सेवादार पुष्प वर्षा करते रहे। महिला और पुरुषों के जत्थे कीर्तन गाते और गुरु की महिमा का गुणगान करते रहे।
शोभायात्रा शहर के गुरुद्वारे से निकलकर सब्जीमंडी, बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, सुंदर टाकीज, छिपियाना चौराहा, दादा मियां का चौराहा, धवन रोड, गुरुतेग बहादुर मार्ग, आईबीपी चौराहा होते हुए देर शाम गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुई। इससे पहले रविवार सुबह गुरुद्वारे में अखंड पाठ का समापन हुआ। दौरान गुरु सिंह सभा के प्रधान अरविंदर सिंह, उप प्रधान सुखबीर सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा, प्रवीण मिश्रा, विमल द्विवेदी, व्यापारी नेता अखिलेश अवस्थी, रामतनेजा, जरनैल सिंह, जसमीत, कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह रिशु, जसमीत सिंह, इंदरजीत सिंह, जगदीप सिंह, डाॅ. गुरुचरन कौर भी मौजूद रहे।
कलगी जत्थों ने किया शौर्य प्रदर्शन
नगर कीर्तन में शामिल कलगी जत्थों ने लाठी, तलवार व अन्य कलाओं का प्रदर्शन किया। करतबों को देख लोग रोमांचित हुए। बड़े चौराहा पर जुलूस में शामिल ट्रैक्टर की कलाबाजी को लोग देखते ही रह गए। नन्हें बच्चे से लेकर युवा कलाबाजी दिखाते रहें, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा।
———————
जगह-जगह स्वागत
नगर कीर्तन करते निकले जत्थे का विभिन्न धर्मों के लोगों ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। बड़े चौराहे पर कायस्थ वेलफेयर सोसाइटी के पवन निगम, नीरज, प्रथम श्रीवास्तव, निर्भय निगम, राम प्रकाश चौरसिया, आनंद निगम ने पंचप्यारों का फूल माला से स्वागत किया। झंडेश्वर महादेव मंदिर, स्टेट बैंक के पास, छोटे चौराहे के पास, गंदा नाला के पास कई स्थानों पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने स्टाल लगा कर खाद्य सामग्री वितरित की। स्वागत करने वालों में इस्माइल खान, रजनीकांत श्रीवास्तव, लवी गुप्ता, मनोज यादव आदि लोग शामिल रहे।