
अचलगंज। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर रानीगंज के सामने बने कट से अचानक निकले डंपर में तेज रफ्तार कार टकरा गई। घटना में कार सवार युवक की मौत हो गई। पत्नी और चचेरा भाई घायल है, जिन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया है।
बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के घाटमपुरकला गांव निवासी शुभम बाजपेयी (32) दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे। 17 जनवरी को वह घर आए थे। शनिवार को कार से पत्नी रुचि (30) और चचेरे भाई उज्ज्वल (16) के साथ बहन की चचेरी ननद की शादी में शामिल होने बांगरमऊ के राजेपुर गांव गए थे। शनिवार रात 11 बजे लौटते समय उन्नाव-लालगंज हाईवे पर रानीगंज गांव के सामने बने कट से निकल रहे डंपर से तेज रफ्तार कार पीछे से टकरा गई।
घटना में कार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। पत्नी और चचेरे भाई को कानपुर रेफर किया गया। परिजन रिजेंसी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। रुचि की हालत गंभीर बताई जा रही है। पिता राजेश बाजपेयी ने बताया कि शुभम दो भाई, एक बहन में दूसरे नंबर के थे। 21 जनवरी को उसे दिल्ली जाना था। बेटे की मौत से मां शारदा और अन्य परिजन बेहाल हैं।
एसओ राजेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि डंपर में कार पीछे से टकराई थी। चालक डंपर लेकर भाग निकला। उसका पता लगाया जा रहा है। अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
छह महीने में उजड़ा रुचि का सुहाग
अचलगंज। मार्ग दुर्घटना का शिकार हुए शुभम का विवाह 13 जुलाई 2024 को रुचि के साथ हुआ था। दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करने से दोनों एक-दूसरे को सही से समझ भी न पाए थे कि इस घटना ने रुचि का सुहाग छीन लिया। रिजेंसी में भर्ती रुचि की भी हालत गंभीर है। घायलों में शामिल उज्ज्वल इंटर का छात्र है। (संवाद)
पीएनसी का स्टोर होने से बना कट
उन्नाव-लालगंज हाईवे पर रानीपुर गांव के सामने जिस कट पर घटना हुई उसके ठीक सामने कार्यदायी संस्था पीएनसी का स्टोर बना हुआ है। पीएनसी के डंपर इसी कट से आते-जाते हैं। जिस डंपर में कार पीछे से भिड़ी वह पीएनसी में लगा था या नहीं, पुलिस इसकी जानकारी कर रही है।