
उन्नाव। शहर की 49 जर्जर सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। नगर पालिका के 5.79 करोड़ के प्रस्ताव को जिलाधिकारी ने मंजूरी दे दी है। इन सड़कों के निर्माण से सभी 32 वार्डों की करीब एक लाख की आबादी को बड़ी राहत मिलेगी। आईबीपी चौराहा से हाईवे से जोड़ने वाला अनवार नगर मार्ग भी प्रस्ताव में शामिल है।
अमृत योजना की पाइप लाइन डालने के लिए खोदे गए रास्तों की मरम्मत में बरती गई औपचारिकता करीब तीन साल से लोगों के लिए मुसीबत बनी है। नगर पालिका बोर्ड से पारित हुए प्रस्तावों को जिलाधिकारी ने मंजूरी दे दी है। नगर पालिका ने शहर के 49 मार्गों को शामिल किया है जो काफी जर्जर हालत में हैं। हालत यह है कि लोग जलभराव और ऊबड़-खाबड़ रास्ते की समस्या झेल रहे हैं।
इन रास्तों में आईबीपी चौराहा से हाईवे को जोड़ने वाले वाला वह मार्ग भी शामिल है जो शहर में जाम से निपटने में यातायात के लिए बाईपास मार्ग की तरह उपयोगी साबित होता रहा है। मोहल्ला अनवार नगर के मोड़ से पुलिया तक के अधूरे पड़े मार्ग पर इंटरलॉकिंग बिछाई जाएगी। इस पर 21.97 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मार्ग के बनने से शहर में जाम की समस्या से राहत मिलगी।
————
बोले जिम्मेदार
शहर के लोगों को आवागमन के लिए सुगम रास्ते देना पहली प्राथमिकता है। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि अगले छह महीने में शहर में कोई भी रास्ता कच्चा और जर्जर हालत में न रहे। इसके लिए शासन से लगातार बजट की मांग की जा रही है और विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शहर वासियों की समस्याओं निदान का वादा जरूर पूरा करेंगे।
– श्वेता मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष उन्नाव
———————
शहर में खराब रास्तों की समस्या बहुत अधिक है। इसे हल कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। एक महीने पहले 9.75 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए थे। अब 5.79 करोड़ की एक और कार्ययोजना स्वीकृत हुई है। एक महीने के अंदर सभी काम शुरू होंगे और और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे कराए जाएंगे।
– एसके गौतम, ईओ नगर पालिका उन्नाव
—
ये प्रमुख मार्ग भी किए गए शामिल
– वार्ड-15 में हजीरा पुलिया मार्ग, लागत- 20.93 लाख रुपये
– वार्ड-15 में अटल गार्डन जाने वाला मार्ग, लागत- 15.94 लाख
– वार्ड-18 में पीडी नगर में अटल उपवन मार्ग, लागत- 14.15 लाख
– वार्ड-03 में वकील संघ रामलीला मैदान की सड़क की मरम्मत, लागत- 2.69 लाख
– मोहल्ला इंद्रानगर में बजरंग चौराहा मार्ग का निर्माण, लागत- 23.09 लाख
– मोहल्ला पीतांबर नगर भाग एक में नाली व इंटरलॉक मार्ग, लागत- 14.99 लाख
– वार्ड 13 में लोकनगर मार्ग का निर्माण, लागत- 9.35 लाख रुपये
– वार्ड 02 में सिंगरोसी में दुर्गा मंदिर तक इंटरलॉक मार्ग, लागत- 11.17 लाख रुपये