
उन्नाव। शहर के पीडी नगर मोहल्ला निवासी नितिन गुप्ता ने बिहार में आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पैदल चाल में स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने 19 मिनट 24 सेकेंड में 5000 मीटर पैदल चलकर पहला स्थान हासिल किया।
बिहार के पाटलीपुत्र स्पोर्ट्स स्टेडियम में 10 से 12 मार्च दो दिवसीय यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन चल रहा है। इसमें विभिन्न खेलों से कई राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिले के नितिन गुप्ता ने 5000 मीटर की पैदल चाल प्रतियोगिता में भाग लिया। यहां उन्होंने श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। उत्तराखंड के खिलाड़ी तुषार ने 21.8 मिनट में यह दूरी तय करते हुए दूसरा स्थान और उत्तराखंड के ही रितुल परिहार ने 21.14 मिनट में यह दूरी तय कर तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले नितिन, लखनऊ में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रणविजय सिंह, महामंत्री सिद्धार्थ कृष्ण, सोनू सिंह, पारुल पाल, मयंक आदि ने बधाई दी।