उन्नाव। मध्यम गति से चली हवाओं से रविवार देर रात हुई बूंदाबांदी से मौसम में बदलाव दिखा। सुबह लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। उधर, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी कर दिन में गर्मी तेज होने के संकेत दिए हैं। हालांकि सुबह और शाम गुलाबी ठंड के आसार जताए हैं।

रविवार रात आसमान साफ था। देररात करीब दो बजे 5.2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मध्यम गति से हवाएं चलने लगीं। इसके बाद बूंदाबांदी हुई। सोमवार सुबह भी हल्के बादल छाए रहने से दिन में धूप का असर कम रहा। इससे अधिकतम तापमान 34 से गिरकर 31.8 और न्यूनतम तापमान 19 से मामूली बढ़कर 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए पूर्वानुमान में आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि मंगलवार से आसमान साफ हो जाएगा। इसके साथ ही उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाओं का आना शुरू होगा। इससे दिन में गर्मी बढ़ने की संभावना है लेकिन ठंडी हवाओं के कारण तापमान के गिरने की संभावना है। इससे सुबह, शाम गुलाबी ठंड बनी रहेगी।