
उन्नाव। शहर के जुराखनखेड़ा की रहने वाली प्राची ने पैरा टेबल टेनिस की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। फाइनल मुकाबले में राजस्थान को 3-1 से हराया।
गुजरात के वडोदरा में 17 से 19 मार्च तक बालिका वर्ग की दो दिवसीय राष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। कई प्रांतों की दिव्यांग खिलाड़ियों ने भाग लिया। उत्तर प्रदेश से शहर की प्राची पांडेय ने भी भाग लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में उनका मुकाबला राजस्थान की खिलाड़ी के साथ हुआ। इसमें उन्होंने श्रेष्ठ प्रदर्शन कर राजस्थान को 3-1 से हराकर ट्रॉफी और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा यहीं आयोजित बालिका डबल्स में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीता है। इससे पहले इसी महीने मार्च में प्राची ने स्पेन में हुई अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा वह नाइजीरिया और मिस्र में हुई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुकीं हैं।