
उन्नाव। लंबे समय से खस्ताहाल पड़े छह प्रमुख संपर्क मार्गों के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। इन मार्गों के बनने से करीब एक लाख की आबादी को हिचकोले भरे सफर से निजात मिलेगी।
जिले में दो क्षेत्रों को जोड़ने वाले कई ऐसे संपर्क मार्ग हैं जो लंबे समय से खस्ताहाल हैं। इन पर आवागमन करने में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मार्ग तो पूरी तरह से गड्ढों में समा चुके हैं। वाहन सवार गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। पिछले साल जनवरी-2024 में पीडब्ल्यूडी ने सर्वे कराकर 413 मार्गों का चिह्नांकन कराया था। इन मार्गों को दुरुस्त करने का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजा गया था। अब शासन से इनमें 6.55 किलोमीटर लंबे छह मार्गों के निर्माण के लिए लगभग 4.09 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता हरदयाल अहिरवार ने बताया कि जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
इन प्रमुख मार्गों की होगी मरम्मत
1- पंडितखेड़ा से आंट संपर्क मार्ग- लागत 62.02 लाख
2- हुसैनपुर जमुका पड़री से पुरवियनखेड़ा मार्ग- लागत 56.28 लाख
3- जुलाबखेड़ा से तमोरिया खुर्द संपर्क मार्ग- लागत 82.03 लाख
4- पनहन से पुरंदरपुर तक मार्ग निर्माण- लागत 66.61 लाख
5- प्रेमखेड़ा से सुदर्शनखेड़ा संपर्क मार्ग- लागत 77.30 लाख
6- बीजीमऊ से सरीफाबाद पुलिया का संपर्क मार्ग- लागत 65.01 लाख