
उन्नाव। ट्रेनों की तरह अब रोडवेज बसों की भी लाइव लोकेशन मिलेगी। इसके लिए परिवहन निगम ने एआई पर आधारित सुपर एप तैयार कराया है। इसके जरिए यात्री घर बैठे टिकट भी बुक करा सकेंगे। बस लेट होने या कितनी देर में बस अड्डे पर पहुंचेगी, इसकी जानकारी भी हो सकेगी।
जिले की रोडवेज डिपो से 105 बसों का संचालन विभिन्न रूटों पर किया जा रहा है। कानपुर- लखनउऊ, दिल्ली, पुरवा-मौरावां, सफीपुर, हसनगंज आदि रूट इसमें शामिल हैं। कई बार यात्रियों को टाइम टेबल जानने के लिए बस स्टेशन की दौड़ लगानी पड़ती है। वहीं, अधिकांश बसें अपने स्टापेज पर देरी से पहुंचती हैं। इससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। लेकिन अब उन्हें एक क्लिक में बस की लोकेशन और टाइम टेबल की जानकारी हो जाएगी। इसके लिए परिवहन निगम ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस बेस्ड सुपर एप तैयार कराया है। जल्द यह सुविधा जिले के यात्रियों को मिलनी शुरू हो जाएगी।
——————-
दुर्घटना से पहले कर देगा अलर्ट
किसी प्रकार की दुर्घटना से बचाने के लिए एप पहले ही अलर्ट दे देगा। कई बार लंबी दूरी तय करने के दौरान चालक को झपकी लग जाती है। इसके लिए बसों में स्लीप अलर्ट डिवाइस भी लगाई जाएगी। झपकी आते ही सायरन बज उठेगा। इसके अलावा स्पीड लिमिट सिस्टम भी लगाया जाएगा। ताकि बसों की स्पीड पर अंकुश लगाया जा सके।
—
बोले एआरएम
यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम की ओर से एप तैयार किया गया है। निर्देश मिलते ही जिले में यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा सभी बसों को जीपीएस से लैस कराया जाएगा।
– जीसी वर्मा, एआरएम