
बेहटामुजावर। गढ़ी मोहल्ला में रविवार दोपहर एक बजे बिजली मिस्त्री का शव घर में फंदे से लटका मिला। परिजन रस्सी काटकर निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बांगरमऊ कोतवाली के मोहल्ला गढ़ी निवासी विपिन (26) बिजली का कारीगर होने के साथ खेती भी करता था। छह साल पहले उसकी शादी हुई थी, शादी के चार महीने बाद ही पत्नी से संबंध विच्छेद हो गया था। रविवार दोपहर उसका शव आंगन में लगे जाल में रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी।
पिता अशोक ने बताया कि वह ठेकेदार के माध्यम से नगर पालिका में बिजली के उपकरणों की मरम्मत का काम करते हैं। दादी कलावती भी बिजली विभाग में थीं, वह साल 2019 में सेवानिवृत्त हुई हैं। विपिन नशे का लती था। किसी तनाव में फंदा लगा लिया। कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।