
फोटो-12-आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की घटना में ग्रामीणों से बात कर शांत कराते एसडीएम रण
बीघापुर। बारासगवर क्षेत्र के गढ़ेवा गांव में लगी आंबेडकर प्रतिमा को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे लोग मामले को तूल देने की कोशिश करते दिखे।
गढ़ेवा गांव किनारे मैकू तेली मार्ग पर लगी बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने पर सोमवार की सुबह लोगों भीड़ लग गई। आक्रोशित लोगों ने हंगामा कर नारेबाजी की। सूचना पर सीओ मधुपनाथ मिश्रा, थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र पहुंचे और आक्रोश जता रहे शिल्पी, शक्ति, रामदुलारी, सुंदारा, कुसुमा, निकेत आदि को दोषियों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
एसडीएम रणवीर सिंह भी पहुंचे। प्रतिमा की ऊंचाई नापकर पुलिस ने कानपुर से बाबा साहेब की दूसरी प्रतिमा मंगवाई। दोपहर करीब दो बजे दूसरी प्रतिमा लगवाई गई। लोगों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले पर कार्रवाई की भी मांग की है।