
बांगरमऊ (उन्नाव)। तीन दिन से लापता प्रेमी युगल के शव एक ही दुपट्टे से गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटके मिले। युवती की शादी तय होने की जानकारी पर युवक मुंबई से आया था और तीन दिन पहले दोनों घर से चले गए थे। युवती के पिता की ओर से युवक पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसकी जानकारी होने पर युवक ने प्रेमिका की पहले मांग भरी, मंगलसूत्र पहनाया और फिर हाथ थाम कर खुदकुशी कर ली। पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि हुई है, हालांकि पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
बांगरमऊ कोतवाली के खारपुरवा गांव निवासी शोभना उर्फ सुमन (18) का डेढ़ किलोमीटर दूर हसनापुर निवासी घनश्याम (20) से एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक ही बिरादरी के थे। घनश्याम मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था। फोन पर दोनों के बीच बातचीत होती थी। शोभना और घनश्याम शादी करना चाहते थे लेकिन परिजन तैयार नहीं थे। इधर कुछ दिन पहले पिता रामसेवक ने शोभना की शादी तय कर दी। इसकी जानकारी होने पर घनश्याम 15 दिन पहले मुंबई से घर आया था।
दोनों छिपकर मिल रहे थे। बालिग होने के कारण दोनों ने घर से बिना बताए जाने और शादी करने का मन बनाया। 17 फरवरी की दोपहर दोनों घर से निकल गए। रात तक न लौटने पर परिजनों को जानकारी हुई। काफी तलाश के बाद भी कहीं पता नहीं चला। 18 फरवरी को युवती के पिता ने बांगरमऊ कोतवाली में तहरीर देकर घनश्याम के खिलाफ बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।
गुरुवार सुबह करीब पांच बजे नद्दीपुरवा से हंसनापुर जाने वाले रास्ते पर पेड़ पर दोनों के शव दुपट्टे के फंदे से लटके मिले। बेटी और बेटे की मौत से दोनों परिवार बेहाल हो गए। सीओ अरविंद चौरसिया, कोतवाल अवनीश सिंह मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम से भी जांच कराई। युवती की मांग में सिंदूर भरा मिला, माथे पर बिंदी और गले में मंगलसूत्र था। मृतक घनश्याम छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। मां की 10 साल पहले मौत हो चुकी है। मृतका शोभना चार भाई-बहनों में बड़ी थी। बेटी की मौत से मां सोमवती और अन्य परिजन बेहाल हैं।
सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। दोनों के शरीर पर किसी तरह की कोई चोट नहीं है। रिपोर्ट दर्ज होने की दहशत में यह कदम उठाने की बात सामने आई है। फिर भी संभावित सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
स्विच ऑफ किया फोन, मुंबई जाने की फिराक में थे
बांगरमऊ। क्षेत्र में फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल के शव के मामले में हैंगिंग की बात सामने आई है लेकिन पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। पुलिस को पता चला है कि युवती के कहने पर ही युवक मुंबई नौकरी करने गया था।
सीओ अरविंद कुमार ने बताया कि घर से जाने के बाद परिजन और पुलिस उन तक न पहुंच पाए इसलिए दोनों ने फोन भी बंद कर लिए थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी तो पता चला कि दोनों मुंबई जाने की फिराक में हैं। यहां मुंबई तक पुलिस को अलर्ट कर दिया गया था, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही दोनों ने यह कदम उठा लिया। जिस रास्ते पर शव फंदे से लटके मिले वह निर्माणाधीन है। देर शाम तक श्रमिक वहां काम कर रहे थे। रात 12 बजे के बाद ही दोनों ने वहां पहुंच यह कदम उठाया।
वहीं, फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल आपस में दूर के रिश्तेदार थे। युवक और युवती दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था, दोनों ने हाईस्कूल में एक साथ पढ़ाई भी की, तभी प्यार हुआ और प्रेम परवान चढ़ने लगा। दोनों शादी की बात करने लगे। युवक कुछ नहीं करता था इसलिए युवती के कहने पर वह मुंबई जाकर नौकरी करने लगा। इस पर दो साल पहले दोनों ने पढ़ाई भी छोड़ दी। मुंबई जान के बाद दोनों की फोन पर बातचीत हाेती थी। इसी बीच युवती के घर वालों ने उसकी शादी तय कर दी। इसका पता लगने पर युवती ने युवक को 15 दिन पहले मुंबई से बुलावाया और भाग जाने की योजना बना डाली।
सुबह ग्रामीणों में रही ऑनर किलिंग की चर्चा
दोनों के शव फंदे से लटके मिलने के बाद ग्रामीणों में ऑनर किलिंग की भी चर्चा रही। लोगों ने दोनों को जबरन फंदे से लटकाने की भी आशंका जताई। हालांकि युवक के गांव वाले प्रेमिका और प्रेमिका के गांव वाले युुवक के परिजनों पर आशंका जाहिर करते रहे। कानाफूसी का पता चलने पर पुलिस ने इस बिंदु पर भी जांच की, हालांकि पुष्टि नहीं हुई।