Unnao News: साढ़े पांच करोड़ से सुधरेंगे शहर के 42 खस्ताहाल रास्ते

उन्नाव। शहर के लोगों को खस्ताहाल रास्तों से जल्द निजात मिलेगी। लगभग 100 जर्जर मार्ग चिह्नित किए गए हैं। पहले चरण में साढ़े पांच करोड़ से सर्वाधिक खस्ताहाल 42 मार्गों को बनवाया जाएगा। करीब 30 हजार आबादी को लाभ मिलेगा।

शहर के वार्डों में तमाम रास्ते जर्जर हालत में हैं। कुछ पुराने होने से खराब हैं तो कुछ अमृत योजना के तहत भूमिगत पाइप लाइन डाले जाने से खुदे पड़े हैं। हालांकि पाइप लाइन डालने के बाद रास्तों को ठीक कराने की जिम्मेदारी जलनिगम की ही है, लेकिन उसने गड्ढों को भरने में औपचारिकता बरती। लगातार शिकायतें मिलने के बाद नगर पालिका ने इन खराब रास्तों का सर्वे कराकर सूची तैयार कराई तो करीब 100 मार्ग ऐसे पाए गए जो काफी समय से खराब हैं। पहले चरण में ज्यादा आवागमन वाले 42 मार्गों बनवाने का फैसला लिया गया है।

कार्ययोजना में हाईवे से जोड़ने वाला कासिम नगर और हरदोई रोड से जोड़ने वाला लोक नगर मार्ग भी शामिल है। इन मार्गों के बनने से शहर में जाम से भी राहत मिलेगी। शहर के मुख्य मार्ग स्थित आईबीपी चौराहा से हाईवे के हुसैन नगर चौराहा को जोड़ने वाला यह मार्ग करीब पांच साल से खस्ताहाल है। शहर के सदर बाजार व बड़ा चौराहा पर जाम होने पर वाहन इसी कासिम नगर मार्ग से होकर हाईवे के रास्ते से निकलते हैं, लेकिन रास्ता खराब होने से लोग इससे आवागमन करने से कतराते हैं और शहर में जाम में फंसते हैं।
यही स्थिति उन्नाव-हरदोई मार्ग को कब्बाखेड़ा तिराहा से जोड़ने वाले लोक नगर मार्ग की है। पूर्व में नगर पालिका ने छोटा चौराहा से चौरा मोड़ के पहले तक इसका निर्माण कराया था, लेकिन आगे की सड़क न बनने से लोगों को परेशानी हो रही है और इससे आवागमन करने से गुरेज करते हैं। इसके अलावा पीडी नगर, आवास विकास कॉलोनी, शिव नगर, पीतांबर नगर सहित प्रमुख मार्ग कार्ययोजना में शामिल किए गए हैं।

———————
शहर के लोगों की समस्याओं का दूर करना पहली प्राथमिकता है। प्रयास किया जा रहा है कि सभी खराब मार्गों को ठीक कराया जाए। जल निगम को भी चिट्ठी लिखी है कि खोदे गए मार्गों की जल्द से जल्द मानक के अनुरूप मरम्मत कराए। पूरा प्रयास किया जा रहा है शहर के सभी खराब रास्तों को जल्द से जल्द बनवा दिया जाए।
– श्वेता मिश्रा, अध्यक्ष नगर पालिका अध्यक्ष

————————-
शहर क्षेत्र के खराब रास्तों को ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। बजट की उपलब्धता के अनुसार पहले चरण में उन मार्गों को लिया गया है जो ज्यादा खराब और बहु आवागमन वाले हैं।
– एसके गौतम, ईओ नगर पालिका

Tags

Share this post:

Share on facebook
Share on twitter
Share on pinterest

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top
Welcome to M&M Bioscope News, your go-to source for the latest and most comprehensive updates in the world of bioscopes!